एसपी नीहारिका तोमर ने किया कोतवाली रुद्रप्रयाग का वार्षिक निरीक्षण, केदारनाथ यात्रा तैयारियों व पुलिस कल्याण पर विशेष जोर
रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर ने कोतवाली रुद्रप्रयाग का वार्षिक निरीक्षण किया । निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी चारधाम यात्रा, विशेषकर केदारनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, सरकारी संपत्ति के रख-रखाव का परीक्षण तथा पुलिस कार्मिकों की कार्यक्षमता एवं मनोबल को सुदृढ़ करना रहा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार किया। इसके उपरांत कोतवाली परिसर, कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, भोजनालय (मैस) एवं बैरकों का गहन निरीक्षण किया। भोजनालय की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए बैरकों की रंगाई-पुताई, सीलन उपचार तथा कार्यालयों में पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
शस्त्रों के रख-रखाव की जांच करते हुए उन्होंने कार्मिकों से शस्त्रों की हैंडलिंग (खोलना-जोड़ना) कर उनकी दक्षता परखी। आपदा प्रबंधन उपकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को उपकरणों के संचालन का पूर्ण ज्ञान होना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।
विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से मालखाने में रखे क्राइम किट बॉक्स के माध्यम से डमी क्राइम सीन तैयार कर फिंगरप्रिंट लेने का अभ्यास कराने के निर्देश उपनिरीक्षकों को दिए गए। सभी अभिलेखों एवं रजिस्टरों को अद्यतन रखने तथा लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। यही व्यवस्था अधीनस्थ पुलिस चौकियों में भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
कार्मिक सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं जानीं। किसी भी कार्मिक द्वारा विशेष समस्या प्रस्तुत नहीं की गई। आगामी श्री केदारनाथ यात्रा के दृष्टिगत सभी को मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए। पूर्व यात्रा ड्यूटी में तैनात कार्मिकों से अनुभव और सुझाव भी लिए गए।
महिला हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों को आगंतुकों के साथ सौम्य व्यवहार रखने और शिकायतों को तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश सभी चौकी प्रभारियों एवं उपनिरीक्षकों को दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र बलूनी, वाचक पुलिस अधीक्षक ठाकुर सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुलदीप पंत, चौकी प्रभारी जखोली महेश रावत, प्रभारी आशुलिपिक नरेंद्र सिंह सहित कोतवाली का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
