HTML tutorial
HTML tutorial

गंगा की जैव विविधता के संरक्षण के लिए धामी ने 10 हजार मत्स्य बीजों का किया संचयन

Spread the love

हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार स्थित अमरापुर घाट पर मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना और नदी के पारिस्थितिक संतुलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक होने के साथ ही समृद्ध जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियों में रहने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध एवं पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles