आईआईएम काशीपुर में एशियन लाइब्रेरीज़ के 9वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ
काशीपुर। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में गुरुवार को एशियन लाइब्रेरीज़ के 9वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (ICAL 2026) का औपचारिक उद्घाटन हुआ। “विकसित होती सूचना परिदृश्य: पुस्तकालयों को भविष्य के लिए तैयार करना” विषय पर आयोजित यह तीन दिवसीय सम्मेलन 18 अप्रैल तक चलेगा।
यह सम्मेलन एशियन लाइब्रेरी एसोसिएशन, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ पुस्तकालयों के बदलते स्वरूप और तकनीकी विकास पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सूचना की प्रचुरता और डेटा आधारित शासन के दौर में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने तक्षशिला और नालंदा जैसी भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए पुस्तकालयों को आधुनिक, सुलभ और तकनीक-सक्षम ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पुस्तकालय अवसंरचना को मजबूत करने और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, एशियन लाइब्रेरी एसोसिएशन के अध्यक्ष आर. के. शर्मा तथा प्रो. ए. वी. रमण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

