बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी पर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून। बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दानपात्र से कथित चोरी के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेशभर में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह घटना सरकार की कानून-व्यवस्था और बद्री-केदार मंदिर समिति की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि बद्रीनाथ जैसे विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीसीटीवी कैमरे, पुलिस व्यवस्था और मंदिर समिति होने के बावजूद चोरी की घटना होना गंभीर लापरवाही का संकेत है। उन्होंने कहा कि इससे पहले केदारनाथ धाम में भी आभूषण चोरी का मामला सामने आया था और अब बद्रीनाथ में हुई घटना प्रदेश की छवि को प्रभावित करती है।
प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय ने आरोप लगाया कि सरकार धामों के विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी जा रही। उन्होंने कहा कि यदि बद्रीनाथ और केदारनाथ जैसे प्रमुख धामों में चोरी की घटनाएं हो रही हैं तो अन्य तीर्थस्थलों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
आम आदमी पार्टी ने मांग की कि मामले की जांच किसी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा यदि जांच में जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पार्टी ने सभी चारधामों में सीसीटीवी व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल, दानपात्रों पर डबल लॉक सिस्टम और पिछले तीन वर्षों के चढ़ावे का ऑडिट कर श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की।
इन्हीं मांगों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में राज्य सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

