मसूरी होमस्टे में महिला की रहस्यमय मौत की होगी मजिस्ट्रेटी जांच, 17 जुलाई तक मांगे गए साक्ष्य

मसूरी होमस्टे में महिला की रहस्यमय मौत की होगी मजिस्ट्रेटी जांच, 17 जुलाई तक मांगे गए साक्ष्य
Spread the love

देहरादून। मसूरी स्थित एक होमस्टे में महिला की रहस्यमय मृत्यु के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। उप जिलाधिकारी मसूरी को जांच अधिकारी नामित किया गया है और आमजन से प्रकरण से जुड़े साक्ष्य एवं तथ्य उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी मसूरी राहुल आनंद ने बताया कि मसूरी के कियाना होमस्टे में 8 नवंबर 2025 को श्रीमती फरजुड़ी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी। इस संबंध में कोतवाली मसूरी में अपराध संख्या 19/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने के कारण जिलाधिकारी देहरादून के आदेश पर इस प्रकरण की मजिस्ट्रेटी जांच कराई जा रही है। इसके लिए उप जिलाधिकारी मसूरी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जांच अधिकारी ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी, तथ्य, दस्तावेज, साक्ष्य या अपना पक्ष है, तो वह 17 जुलाई 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में उप जिलाधिकारी कार्यालय, मसूरी में उपस्थित होकर मौखिक अथवा लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकता है।

प्रशासन ने कहा है कि जांच को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों, संबंधित व्यक्तियों और आमजन का सहयोग आवश्यक है। साथ ही संबंधित विभागों को भी मामले से जुड़े अभिलेख जांच अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles