29 जून को देहरादून में रोजगार मेला, 85 पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर

29 जून को देहरादून में रोजगार मेला, 85 पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर
Spread the love

देहरादून। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 29 जून को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में 6 निजी क्षेत्र की कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और कुल 85 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे रोजगार मेलों का नियमित आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में देहरादून सहित प्रदेश के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में पूर्व पंजीकरण (प्री-रजिस्ट्रेशन) की व्यवस्था की गई है। साथ ही रोजगार मेले के दिन भी ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

सेवायोजन विभाग ने युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया में भाग लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

विभाग ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले का लाभ उठाने और निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने की अपील की है।

रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियां*
29 जून को आयोजित रोजगार मेले में थेटा फार्मा, विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लेबराट्रीज, अम्भर, मेंटोरे वॉटर एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड, लाइटेनियम टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां शामिल रहेंगी।

देवभूमि खबर

Related articles