गोवर्धनपुर हाईवे से हटाया गया अतिक्रमण, 35 से अधिक कब्जों पर चला प्रशासन का बुलडोजर
हरिद्वार। जनपद में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में तहसील प्रशासन और पुलिस बल ने लक्सर तहसील क्षेत्रांतर्गत गोवर्धनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभियान चलाकर 35 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को हटाया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक भूमि, सड़क, नालियों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। साथ ही शांति व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 81 पुलिस एक्ट के तहत 13 लोगों के चालान भी किए गए।
उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि भविष्य में नालियों के ऊपर अथवा उनकी सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान, निर्माण सामग्री या व्यावसायिक सामग्री रखे जाने पर उसे जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के दौरान तहसील प्रशासन, नगर पंचायत, पुलिस विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

