विधानसभा भवन के कार्यालय में लगी आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला
देहरादून। थाना नेहरू कॉलोनी और फायर स्टेशन देहरादून को विधानसभा भवन के द्वितीय तल पर स्थित एक कार्यालय में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना नेहरू कॉलोनी से पुलिस बल और फायर स्टेशन से दमकल वाहन त्वरित रूप से मौके पर पहुंचे।
दमकल विभाग की दो गाड़ियों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। आग विधानसभा भवन की कैंटीन के ऊपर स्थित कार्यालय में लगी थी, जिसमें खिड़की-दरवाजों पर लगे परदे जल गए और कार्यालय में रखी अन्य सामग्री को आंशिक नुकसान हुआ।
प्रथम दृष्टया यह घटना शॉर्ट सर्किट के कारण होना प्रतीत हो रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों से घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही, घटना के कारणों की गहन जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

