नव-नियुक्त कनिष्ठ सहायकों और सहायक लेखाकारों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
देहरादून।सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग तथा ग्रामीण निर्माण विभाग में नव-नियुक्त कनिष्ठ सहायकों एवं सहायक लेखाकारों के लिए पांच दिवसीय (20-24 फरवरी, 2025) विशेष आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण विल एंड स्किल क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा देहरादून में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यालय प्रबंधन (फाइलिंग, नोटिंग, ड्राफ्टिंग, अभिलेख प्रबंधन), वित्त एवं लेखा कार्य, विधिक मामले, अधिष्ठान मामले तथा कार्यस्थल प्रेरणा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र आयोजित किए गए।
इन सत्रों को श्री किशन नाथ (सेवानिवृत्त अपर सचिव), श्री एस.एस. वाल्दिया (सेवानिवृत्त अपर सचिव), वित्त विशेषज्ञ श्री सुनील रतूड़ी और श्री आशीष खुडलानी, विधि विशेषज्ञ श्री एन.के. पंत तथा प्रेरक वक्ता श्री अमित गोस्वामी ने संबोधित किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने कार्यालय प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, वित्तीय प्रबंधन की बारीकियों को समझने, विधिक एवं स्थापना संबंधी मामलों की जानकारी प्राप्त करने तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के महत्वपूर्ण पहलुओं को सीखा।

