रिश्वतखोरी के मामले में आरडीएसओ लखनऊ के दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत चार गिरफ्तार, 4 लाख रुपये लेते सीबीआई ने दबोचा

रिश्वतखोरी के मामले में आरडीएसओ लखनऊ के दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत चार गिरफ्तार, 4 लाख रुपये लेते सीबीआई ने दबोचा
Spread the love

लखनऊ/कोलकाता। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के मामले में अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ), लखनऊ के दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आरडीएसओ के उप निदेशक और वरिष्ठ अनुभाग अभियंता के अलावा एक निजी कंपनी के दो प्रतिनिधि शामिल हैं। सीबीआई ने यह कार्रवाई 15 सितंबर 2026 को की।

सीबीआई के अनुसार, मामले में आरोप है कि आरडीएसओ के दोनों लोक सेवकों ने निजी कंपनी के आरोपियों के साथ साजिश कर कोलकाता स्थित एक निजी कंपनी से अनुचित लाभ प्राप्त किया था। यह रकम निजी कंपनी के कारखाने की संयंत्र एवं मशीनरी के निरीक्षण की अनुकूल रिपोर्ट जारी करने के बदले मांगी गई थी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद सीबीआई ने 15 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कर जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान हावड़ा स्थित एक होटल में निजी कंपनी के प्रतिनिधियों से चार लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए दोनों आरडीएसओ अधिकारियों और निजी कंपनी के दोनों प्रतिनिधियों को पकड़ लिया गया। सीबीआई ने रिश्वत की चार लाख रुपये की रकम के अलावा 4.73 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद कर जब्त की है।

सीबीआई की ओर से आरोपियों के आवासीय एवं कार्यालय परिसरों में कोलकाता, लखनऊ और बिहार सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद कर जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles