चिकित्सा अवकाश मंजूर करने के बदले 25 हजार की रिश्वत मांगने वाला रेलवे मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक गिरफ्तार, 10 हजार लेते सीबीआई ने दबोचा

बोकारो। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल अंतर्गत भोजूडीह में तैनात मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने यह कार्रवाई 15 सितंबर 2026 को की।
सीबीआई के अनुसार, आरोपी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक के खिलाफ शिकायत मिलने पर 15 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने शिकायतकर्ता का चिकित्सा अवकाश मंजूर करने के बदले 25 हजार रुपये की अनुचित धनराशि की मांग की थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी लोक सेवक के कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी अभियान चलाया। मामले से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी को धनबाद स्थित सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में सीबीआई की जांच जारी है।