HTML tutorial
HTML tutorial

48वें घूंगटुग टीसुलट्रिम मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में चार टीमें

48वें घूंगटुग टीसुलट्रिम मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में चार टीमें
Spread the love

देहरादून। क्लेमेंटटाउन स्थित नेहरू तिब्बतन स्कूल फाउंडेशन के फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित 48वें घूंगटुग टीसुलट्रिम मेमोरियल नेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक लीग मुकाबलों के बाद डोंडूपलिंग एफसी, शिमला एफसी, क्लेमेंटटाउन एफसी और डेक्यिलिंग एफसी ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टूर्नामेंट का शुभारंभ 15 अगस्त 2026 को हुआ था।

प्रतियोगिता का आयोजन तिब्बती समाज के महान गुरु घूंगटुग टीसुलट्रिम की स्मृति में प्रतिवर्ष किया जाता है। आयोजक याशी ने बताया कि क्लेमेंटटाउन में तिब्बती समाज की नींव कई वर्ष पूर्व बुद्धा मंदिर के आसपास घूंगटुग टीसुलट्रिम के प्रयासों से रखी गई थी। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए हर वर्ष इस फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।

इस वर्ष देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे तिब्बती समाज के फुटबॉल खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। लीग-कम-नॉकआउट आधार पर आयोजित प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। इनमें शिमला यूनाइटेड एफसी, डेक्यिलिंग स्पोर्टिंग क्लब, लिंगस्टग एफसी, टीसीएच/काइटसेलिंग एफसी, डोंडूपलिंग एफसी, क्लेमेंटटाउन एफसी, हर्बटपुर एससी और डोंडूपलिंग एफसी-बी शामिल हैं।

लीग चरण के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अब पहले सेमीफाइनल में शिमला एफसी का सामना क्लेमेंटटाउन एफसी से, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में डोंडूपलिंग एफसी और डेक्यिलिंग एफसी आमने-सामने होंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 21 अगस्त को खेले जाएंगे।

टूर्नामेंट के मैच कमिश्नर एवं चीफ रेफरी डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत हैं। आयोजक याशी के अनुसार डॉ. रावत वर्ष 1998 से लगातार इस प्रतियोगिता सहित तिब्बती समाज की विभिन्न फुटबॉल प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं। तिब्बती समाज के खेल प्रेमियों और दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता काफी अधिक है।

डॉ. रावत के व्यक्तित्व और हेयर स्टाइल की समानता के चलते दर्शक उन्हें प्यार से प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के नाम से पुकारकर उत्साह बढ़ाते हैं। वे बेहतरीन रेफरिंग और अनुशासनपूर्ण तरीके से मैच संचालन के लिए भी जाने जाते हैं।

इस वर्ष उन्हें चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ रोशन चंद, मनोज नेगी, हर्षित चौहान, उत्कर्ष, दोर्जी, विमल रावत और वरुण रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। दर्शकों को दोनों मुकाबलों में रोमांचक और कड़े संघर्ष की उम्मीद है।

देवभूमि खबर

Related articles