गंगोलीहाट पुलिस ने अवैध भांग की खेती की नष्ट
पिथौरागढ़।उत्तराखण्ड सरकार के “नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत पिथौरागढ़ जनपद पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध सतत और सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन में थाना गंगोलीहाट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाध्यक्ष गंगोलीहाट श्री हीरा सिंह डांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा स्थानीय युवाओं के सहयोग से ग्राम पटक्यूँडा क्षेत्र में लगभग दो नाली भूमि पर अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती का पता लगाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इस अवैध फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस द्वारा गांव के युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें नशे से दूर रहकर जीवन में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
पिथौरागढ़ पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान के अंतर्गत किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

