ओंकार रोड, देहरादून: पानी की गंभीर समस्या से परेशान निवासी, जलसंस्थान से समाधान की मांग

Spread the love

देहरादून । बार बार पानी की समस्या झेल रहे क्षेत्रवासियों ने दिलाराम बाजार स्थित गढ़वाल जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता  को ओंकार रोड क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर एक बार फिर निवेदन पत्र सौंपा है। निवासियों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से पानी की आपूर्ति में अनियमितता बनी हुई है। हर वर्ष शिकायत करने पर केवल आश्वासन दिया जाता है कि अगले साल समस्या का समाधान कर दिया जाएगा, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।

इस वर्ष गर्मियों के आरंभिक दिनों में ही पानी की आपूर्ति सुबह और शाम के समय घटकर एक घंटे तक सीमित हो गई है, और कई बार तो सप्लाई पूरी तरह से बाधित हो जाती है। शिकायत करने पर जलसंस्थान द्वारा कभी मरम्मत कार्य, कभी पानी की कमी और कभी बिजली समस्या का बहाना बनाया जा रहा है। निवासियों का कहना है कि इलाके के कुछ स्थानों पर ट्यूबवेल के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है, जबकि ओंकार रोड की तीन मुख्य गलियों, जो नैशविले रोड से शुरू होती हैं, में मूलभूत जरूरत पानी की आपूर्ति को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।

निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि आस-पास के इलाकों में सौंदर्यीकरण के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि पानी जैसी आवश्यक सुविधा को नजरअंदाज किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने अधिशासी अभियंता से मांग की है कि नई पाइपलाइन डलवाकर अथवा अन्य किसी स्थायी व्यवस्था द्वारा पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इस निवेदन पत्र पर जगमोहन मेंदीरत्ता, रमेश चढ़ा, यशपाल वोहरा, कमलेश गांधी, रंजीत सिंह, गजेंद्र वर्मा, अशोक शर्मा, सुचेता मित्तल, राजेश त्यागी, इस अग्रवाल, गौरव नेगी समेत कई अन्य स्थानीय नागरिकों ने हस्ताक्षर किए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles