श्री राम राज्याभिषेक शोभा यात्रा” के दौरान हल्द्वानी शहर का ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी — 5 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से लागू रहेगा
हल्द्वानी। आगामी 05 अक्टूबर 2025 (रविवार) को आयोजित होने वाली “श्री राम राज्याभिषेक शोभा यात्रा” के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। यह प्लान दोपहर 03:00 बजे से शोभा यात्रा की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
शोभा यात्रा रामलीला मैदान, हल्द्वानी से प्रारंभ होकर ओके होटल तिराहा, रोडवेज, एसडीएम कोर्ट तिराहा, प्रेम टॉकीज तिराहा, केमू स्टेशन तिराहा, भारद्वाज होटल तिराहा, ताज चौराहा, मीरा मार्ग, सिंधी चौराहा, कालाढूंगी तिराहा, भोलानाथ गार्डन, सत्यनारायण मंदिर होते हुए पुनः रामलीला मैदान में समाप्त होगी। यात्रा का मुख्य मार्ग ओके होटल तिराहा से एसडीएम कोर्ट तिराहा तक सड़क के दाहिने हिस्से से होकर जाएगा।
इस दौरान पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाले तथा टीपी नगर/मंडी क्षेत्र से पर्वतीय मार्ग की ओर जाने वाले सभी छोटे-बड़े मालवाहक और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन बायपास मार्ग का उपयोग करेंगे।
रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों के लिए भी विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं। रामपुर रोड, बरेली रोड और कालाढूंगी रोड से आने वाली सभी बसें सामान्य रूट से रोडवेज तक पहुंचेंगी, परंतु जब शोभा यात्रा सिंधी चौराहा से कालाढूंगी चौराहा के बीच रहेगी, तब उन्हें आईटीआई तिराहा, होंडा शोरूम तिराहा और लालढांठ तिराहा पर रोका जाएगा। वहीं पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली रोडवेज व केमू बसें नरीमन तिराहा से तिकोनिया चौराहा होते हुए वर्कशॉप लाइन से रोडवेज स्टेशन जाएंगी। शोभा यात्रा के प्रेम टॉकीज तिराहा से केमू स्टेशन तिराहा के मध्य होने पर बसों को तिकोनिया चौराहा से नैनीताल बैंक तिराहा होते हुए रोडवेज स्टेशन तक भेजा जाएगा।
रोडवेज स्टेशन से बरेली रोड और रामपुर रोड की ओर जाने वाली बसें शोभा यात्रा के ओके होटल से रोडवेज तिराहा के मध्य रहने के दौरान वर्कशॉप लाइन, तिकोनिया चौराहा, नैनीताल रोड और नरीमन तिराहा होते हुए गौलापार रोड का प्रयोग करेंगी। जब यात्रा रोडवेज स्टेशन पार करेगी, तब बसें रोडवेज के पश्चिमी गेट से सामान्य रूप से प्रस्थान करेंगी। वहीं कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाली बसें रोडवेज स्टेशन से तिकोनिया चौराहा, हाइडिल तिराहा, पनचक्की तिराहा और ऊंचापुल चौराहा मार्ग से अपने गंतव्य को जाएंगी।
छोटे वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू रहेगा। पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहन नरीमन तिराहा से डायवर्ट होकर गौलापार रोड से अपने गंतव्य को जाएंगे। जब शोभा यात्रा ओके होटल से एसडीएम कोर्ट तिराहा के बीच होगी, तब छोटे वाहन कॉलटैक्स, हाइडिल तिराहा, पनचक्की तिराहा, लालढांठ तिराहा मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे। वहीं महारानी होटल तिराहा से आने वाले वाहन सरस्वती रेस्टोरेंट, दोनहरिया, कुल्यालपुरा चौराहा और पानी की टंकी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
शोभा यात्रा के एसडीएम कोर्ट तिराहा से ताज चौराहा के बीच रहने के दौरान तिकोनिया चौराहा से वर्कशॉप लाइन, गोलापुल, सिंधी चौराहा से मीरा मार्ग तथा ओके होटल तिराहा से पटेल चौक तक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
जब शोभा यात्रा सिंधी चौराहा से कालाढूंगी चौराहा के मध्य होगी, तब बरेली रोड, रामपुर रोड और कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन अपने रूट में चलते रहेंगे, लेकिन तीनपानी, गांधी इंटर कॉलेज तिराहा, आईटीआई तिराहा और मुखानी चौराहा से डायवर्जन लागू रहेगा। इसी प्रकार जब शोभा यात्रा कालाढूंगी तिराहा से भोलानाथ गार्डन के मध्य होगी, तब कालाढूंगी तिराहा से कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहनों को सीधे रोडवेज की दिशा में भेजा जाएगा।
हल्द्वानी पुलिस ने अपील की है कि जनमानस अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर रहें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस के निर्देशों में सहयोग दें, ताकि शोभा यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
