हल्द्वानी पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के टांडा क्षेत्र स्थित पीपलपड़ाव जंगल में वन कर्मी की हत्या के सनसनीखेज मामले का हल्द्वानी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने पर डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर वन विभाग के अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान मेवा लाल पुत्र हरी लाल निवासी कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई, जो वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत थे।

प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए। पूछताछ में उसने बताया कि घटना से पहले उसने और मृतक ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। संदेह के आधार पर पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने लाई और गहन पूछताछ की।

वन बीट अधिकारी पवन कुमार की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी तिवारी सिंह ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से वार कर मेवा लाल की हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिवारी सिंह पुत्र जय सिंह निवासी गूलरभोज, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।

मामले के सफल खुलासे में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील कुमार जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह, उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles