लालकुआं पुलिस का बड़ा खुलासा, 35 लाख के सोने के आभूषण बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार
नैनीताल। जनपद के लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही सनसनीखेज चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये मूल्य के लगभग 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी ने तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब चित्रकूट तिवारी नगर, बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने 19 मई 2026 को थाना लालकुआं में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर हार, नथ, मंगलसूत्र, अंगूठी, चेन, मांगटीका सहित कई कीमती आभूषण चोरी कर ले गया। इस संबंध में थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को वर्ष 2025 में हुई दो अन्य चोरी की घटनाओं से भी समानता मिली। इसके बाद डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर मनोज कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और टेक्निकल व मैन्युअल इंटेलिजेंस के माध्यम से संदिग्धों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक युवक चोरी के जेवर बेचने के लिए बिन्दुखत्ता क्षेत्र में आया हुआ है।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी भानु प्रताप को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से टूटे हुए सोने के आभूषण बरामद हुए। इसके अलावा एक पंखानुमा हीटर की प्लेट के भीतर छिपाकर रखे गए कई सोने के जेवर भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिन में ऐसे मकानों की रेकी करता था जिनमें ताले लगे होते थे। मौका मिलते ही वह ताले तोड़कर घरों में घुसता और जेवर व नकदी चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी ने वर्ष 2025 की दो अन्य चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देना कबूल किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल निवासी बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
बरामद आभूषणों में हार, नथ, चेन, मंगलसूत्र, मांगटीका, झुमके, अंगूठियां, टॉप्स, बाली, पौंची और अन्य सोने के आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने सभी बरामद जेवरों की पहचान संबंधित शिकायतकर्ताओं से कराई है।
घटना के सफल खुलासे पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

