हरिद्वार ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: प्रेम प्रसंग और विवाद में युवती की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार । बहादराबाद क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपी को दबोच लिया।
24 जुलाई 2026 को अलीपुर निवासी मोमिन ने अपनी पुत्री शहनुमा की हत्या का आरोप गांव के ही नावेद और उसके परिजनों पर लगाते हुए बहादराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष पुलिस टीम का गठन किया। आरोपी घटना के बाद फरार था और मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था, जिससे मामला पूरी तरह ब्लाइंड बन गया था।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को सूचना मिलने पर भगवानपुर-चंदनपुर क्षेत्र से आरोपी नावेद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी का दावा है कि पारिवारिक शादी में डीजे पर डांस को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद ब्लैकमेल, धमकियों और पारिवारिक विवाद के चलते उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शहनुमा को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के उसने सुनसान स्थान पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी नावेद (28 वर्ष), निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में शव की तलाश और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।

