रुद्रपुर गैंगरेप कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

ऊधमसिंहनगर ।पुलिस ने रुद्रपुर गैंगरेप प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमें लगातार फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश और सघन चेकिंग अभियान चला रही थीं। 27 जुलाई 2026 की देर रात चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गुरबाज उर्फ मानु (23) निवासी गदरपुर, ऊधमसिंहनगर, जोगा सिंह (24) और रविंदर (19), दोनों निवासी मिलक खानम, रामपुर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली।

