हरिद्वार पुलिस ने सांसी गैंग का शातिर सदस्य दबोचा, 27 ATM कार्ड्स बरामद
हरिद्वार।त्योहारी सीजन में भोले-भाले लोगों को ठगी का शिकार बनाने निकला सांसी गैंग का शातिर सदस्य पुलिस की गिरफ्त में आ गया। आरोपी एटीएम के बाहर खड़ा होकर कम पढ़े-लिखे लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल देता था और बाद में उसी से पैसे निकाल लेता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर बैंक, एटीएम व ज्वैलर्स शॉप्स पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 15 अक्टूबर 2025 को चौकी प्रभारी नारसन हेमदत्त भारद्वाज मय चेतक गश्त में थे, तभी एसबीआई एटीएम बूथ नारसन के पास एक बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन बाइक संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। कुछ ही देर में एटीएम बूथ के पास खड़ा एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अश्वनी पुत्र श्यामलाल निवासी ग्राम रामनगर, मल्लीपुर रोड, थाना कोतवाली सदर, जनपद सहारनपुर, उम्र 35 वर्ष, जाति सांसी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न कंपनियों के 27 एटीएम कार्ड बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह भोले-भाले, बुजुर्ग या कम पढ़े-लिखे लोगों से एटीएम बदलकर ठगी करता है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी इस तरह की घटनाएं कर चुका है और आज भी किसी व्यक्ति को ठगने की नीयत से एटीएम बूथ पर आया था।
पुलिस ने आरोपी अश्वनी को उसके अपराध से धारा 318, 62 बीएनएस व 35/106 बीएनएसएस के तहत अवगत कराते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में एसआई हेमदत्त भारद्वाज, का० लाल सिंह और का० पंकज शामिल रहे।

