हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा, 04 युवतियों सहित 07 मुन्ना/मुन्नी गिरफ्तार
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 युवतियों सहित 07 कथित मुन्ना/मुन्नी को गिरफ्तार किया है, जो हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में अन्य परीक्षार्थियों के नाम पर परीक्षा दे रहे थे।
दिनांक 24.02.2026 को राजकीय इण्टर कालेज सलेमपुर के प्रधानाचार्य श्री सुरेश चन्द्र द्विवेदी द्वारा कोतवाली रानीपुर में लिखित तहरीर दी गई। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के अंतर्गत आयोजित हिन्दी विषय की परीक्षा के दौरान 04 युवतियां व 03 युवक मूल परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर अपने फोटो चस्पा कर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। एक अन्य संदिग्ध परीक्षा केन्द्र से फरार हो गया।
प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 59/2026 धारा 318(2), 319(2), 61(2) बीएनएस व 3/6 सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की संवेदनशीलता एवं वर्तमान में संचालित बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए उच्चाधिकारीगण के निर्देशानुसार रानीपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद 07 आरोपियों को हिरासत में लिया तथा उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए। एक फरार संदिग्ध की तलाश जारी है।
इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपितों में गुलफाम पुत्र मौ० युसुफ, निवासी चमरिया लालढांग हरिद्वार, उम्र 21 वर्ष; कृष्ण पाल पुत्र माम चन्द, निवासी रावली महदूद हरिद्वार, उम्र 24 वर्ष; कैफ पुत्र मौ० जावेद, निवासी सुल्तानपुर हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष तथा 04 युवतियां शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा, व0उ0नि0 प्रदीप कुमार, उ0नि0 मन्दीप सिंह, कानि0 संजय बलूनी, कानि0 गम्भीर तोमर, कानि0 दीप गौड, म0कानि0 अनीता एवं म0का0 सुमन शामिल रहे।
