हरिद्वार पुलिस की नई पहल – “थाना दिवस” पर त्वरित कार्रवाई से फरियादियों की समस्याओं का होगा समाधान

हरिद्वार पुलिस की नई पहल – “थाना दिवस” पर त्वरित कार्रवाई से फरियादियों की समस्याओं का होगा समाधान
Spread the love

हरीद्वार।पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और आपसी विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत की है। इसी क्रम में जनपद के प्रत्येक थाने में माह में एक बार उच्च अधिकारी की मौजूदगी में “थाना दिवस” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों द्वारा सीधे थाने में बैठकर फरियादियों की शिकायतें सुनी जाएंगी और उन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

आज थाना बहादराबाद में “थाना दिवस” का आयोजन किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर ने स्वयं उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मौके पर आई 10 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। इस दौरान महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए गंभीरता से कार्रवाई की गई और शिकायतकर्ताओं को उसी समय सूचित भी किया गया।

इस पहल से न केवल फरियादियों को राहत मिलेगी बल्कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध व संवाद स्थापित होंगे। साथ ही, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था में भी सुधार की दिशा में यह कदम कारगर साबित होगा। थाना दिवस जनपद के सभी थानों में अलग-अलग तिथियों पर आयोजित किया जाएगा, जिससे लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।

इस अवसर पर एसपी/क्षेत्राधिकारी सदर जितेंद्र चौधरी, एसएसआई बहादराबाद प्रदीप राठौर, समस्त चौकी प्रभारी और आमजन उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles