नैनीताल पुलिस तैयार – नंदा देवी महोत्सव में सुदृढ़ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के निर्देश
नैनीताल ।28 अगस्त से 5 सितम्बर 2025 तक आयोजित होने वाले नंदा देवी महोत्सव के सकुशल आयोजन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने नगर में ड्यूटीरत पुलिस बल को ब्रीफ किया। इस दौरान उन्होंने सभी सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहते हुए पूर्ण मनोयोग से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव नैनीताल के लिए श्रद्धा और पर्यटन दोनों का केंद्र है, ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक नैनीताल पहुंचेंगे। उन्होंने क्राउड कंट्रोल पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए। साथ ही, मेले के दौरान मेला कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को प्रो-एक्टिव मोड में काम करने के लिए कहा गया।
एसएसपी ने डॉग स्क्वॉड, बीडीएस, अग्निशमन और संचार टीमों को सक्रिय रहने, सीसीटीवी टीमों को सतत मॉनिटरिंग करने तथा अभिसूचना टीमों को संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत सूचना आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए। मेले में अराजक व आपराधिक तत्वों से निपटने के लिए सादे वस्त्रों में पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल, थानाध्यक्ष तल्लीताल और निरीक्षक यातायात को पर्याप्त पुलिस बल और यातायात कर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा अन्य विभागों से समन्वय बनाए रखने को कहा गया। विशेषकर मेला शोभायात्रा और कदली वृक्ष नगर भ्रमण के दौरान प्रभावी यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ हल्द्वानी/नैनीताल श्री नितिन लोहनी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल श्री हेम चंद्र पंत, निरीक्षक (मेलाधिकारी) श्री उमेश कुमार मालिक, प्रतिसार निरीक्षक नैनीताल श्री हरकेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस दूर संचार श्री राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक यातायात श्री वेद प्रकाश भट्ट, थानाध्यक्ष तल्लीताल श्री मनोज नयाल समेत अन्य अधिकारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

