म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर करोड़ों की साइबर ठगी करने वाला मास्टरमाइंड, 25,000 रुपए का इनामी अपराधी गिरफ्तार
रुद्रपुर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकान्त मिश्रा के निर्देशन में की गई सटीक कार्रवाई के तहत पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे साइबर ठगी के मास्टरमाइंड और 25,000 रुपये के इनामी अपराधी रोहित सोनी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पंजीकृत कई आपराधिक मुकदमों में वांछित था और उसके खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट भी जारी था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर करोड़ों की ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
मामला 29 मई 2025 को दर्ज हुआ जब वादी हरबंस लाल निवासी शांति कालोनी रुद्रपुर ने कोतवाली में तहरीर दी कि 13 मई और 19 मई को उनके भारतीय स्टेट बैंक, रुद्रपुर शाखा के खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर कुल 54,999 रुपये निकाल लिए। इसी आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने विवेचना के दौरान इस ठगी गैंग के कई सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया था जिनके कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, डायरी और अन्य आपराधिक सामग्री बरामद हुई थी। अभियुक्तगण ने संगठित साइबर अपराध को अंजाम देने की बात कबूल की थी जिसके आधार पर मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी की गई थी।
पुलिस को घटना में फरार आरोपियों की तलाश थी और इसी कड़ी में पुलिस टीम ने 27 अगस्त 2025 को मुखबिर की सूचना पर कोर्ट के पास रुद्रपुर-नैनीताल रोड से आरोपी रोहित सोनी पुत्र सुनील सोनी निवासी इन्द्रा नगर, थाटीपुर ग्वालियर, मध्य प्रदेश, उम्र 25 वर्ष को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी के खिलाफ पहले से ही मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
इससे पहले पुलिस ने इसी गैंग से जुड़े अजय सैनी, मनोज सैनी, पुष्पेन्द्र उर्फ पोरस कुमार, सत्यपाल सिंह, विशुराज, रितिक और शेरु सिंह को गिरफ्तार किया था, जिनसे बरामदगी भी की गई थी। पुलिस की इस कार्रवाई ने साइबर अपराधियों के बड़े नेटवर्क को उजागर करते हुए गैंग के मास्टरमाइंड को भी जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

