प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएँ होंगी और मजबूत: ‘You Quote, We Pay’ मॉडल के तहत 24 विशेषज्ञ चिकित्सकों की जल्द तैनाती: डॉ धन सिंह रावत
देहरादून। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जल्द ही 24 विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती करने जा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत ‘You Quote, We Pay’ मॉडल के तहत ये विशेषज्ञ डॉक्टर विशेष रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया, पिलखी, बीरोंखाल, डीडीहाट तथा उप जिला चिकित्सालय गैरसैण में नियुक्त किए जाएंगे। इससे लंबे समय से जारी विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर होगी और मरीजों को उन्नत व समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकेंगी।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में अस्पतालों में सर्जन, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट और स्त्री रोग विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण विशेषज्ञों की तैनाती की प्रक्रिया तेज की गई है।
डॉ. रावत ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष में भारत सरकार द्वारा ‘You Quote, We Pay’ योजना में 40 विशेषज्ञ चिकित्सक और 02 कार्डियोलॉजिस्ट के पदों को स्वीकृति मिली है। इनमें से 34 विशेषज्ञ पहले से सेवाएँ दे रहे हैं, जबकि 06 विशेषज्ञ और 02 कार्डियोलॉजिस्ट के पद अभी रिक्त हैं।
आईपीएचएस मानकों के अनुसार राज्य की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। चौखुटिया, बीरोंखाल, डीडीहाट और गैरसैण स्थित चिकित्सा इकाइयों में सर्जन, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ के 1-1 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
राज्य सरकार ‘You Quote, We Pay’ मॉडल के अंतर्गत विशेषज्ञ डॉक्टरों को अधिकतम रु. 4 लाख तक मानदेय प्रदान कर रही है। एनएचएम के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए 3 दिसम्बर को साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद चयनित विशेषज्ञों को विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में तैनाती दी जाएगी।
यह पहल प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को व्यापक रूप से बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

