चारधाम यात्रा सुरक्षा के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम तैयार, आईजी गढ़वाल ने बताई कार्यप्रणाली
देहरादून। चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक अत्याधुनिक हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा मार्गों, प्रमुख धामों और संवेदनशील स्थानों पर तकनीक की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है।
आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीक के उपयोग से यातायात प्रबंधन के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
कंट्रोल रूम में केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित प्रमुख पड़ावों की लाइव फीड बड़ी स्क्रीन पर उपलब्ध रहती है, जिससे भीड़ नियंत्रण और स्थिति की वास्तविक समय में निगरानी संभव हो रही है।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए आधुनिक सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और ट्रैफिक जाम की तुरंत पहचान की जा सके।
यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मी 24×7 सेवाएं देते हुए यात्रियों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
यह कंट्रोल रूम विभिन्न जिलों की पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

