चारधाम यात्रा को लेकर्ट टिहरी पुलिस अलर्ट, एसएसपी श्वेता चौबे का यात्रा मार्गों का जमीनी निरीक्षण

चारधाम यात्रा को लेकर्ट टिहरी पुलिस अलर्ट, एसएसपी श्वेता चौबे का यात्रा मार्गों का जमीनी निरीक्षण
Spread the love

टिहरी । चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए टिहरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसएसपी श्वेता चौबे ने नई टिहरी, घनसाली, कीर्तिनगर से लेकर ढालवाला तक यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

20 और 21 अप्रैल को किए गए निरीक्षण के दौरान विभिन्न थाना-चौकी और पर्यटन पुलिस केंद्रों जैसे पीपल डाली, दुगड्डा, मलेथा, भल्लेगांव, देवप्रयाग, बछेलीखाल, साकनीधार, ब्यासी, गूलर और शिवपुरी का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की विस्तार से समीक्षा की गई। मुनिकीरेती क्षेत्र में 60 सीसीटीवी कैमरे और 12 आईपी आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित कर 24×7 निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे, यातायात योजना प्रभावी ढंग से लागू हो, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और तकनीकी संसाधनों की नियमित मॉनिटरिंग हो। साथ ही आपातकालीन स्थिति में रेस्क्यू टीम, एम्बुलेंस और आपदा इकाइयों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था और पर्यटन का प्रमुख आधार है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा अनुभव सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है।

टिहरी पुलिस ने सभी व्यवस्थाओं को मजबूत रखते हुए हर स्तर पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles