जाइका वित्त पोषित उद्यान विकास परियोजना की उच्च स्तरीय बैठक संपन्न, मुख्य सचिव ने वित्तीय व भौतिक प्लान शीघ्र तैयार करने के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में जाइका से वित्त पोषित उत्तराखण्ड एकीकृत उद्यान विकास परियोजना (JICA funded Uttarakhand Integrated Horticulture Development Project) की उच्च स्तरीय/संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को परियोजना का वित्तीय एवं भौतिक प्लान जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों को जनपदों में नियमित दौरे कर समीक्षा करने और जमीनी स्तर का फीडबैक एकत्र करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि फल एवं सब्जियों से जुड़ी आजीविका बढ़ाने वाली अन्य विभागीय योजनाओं को भी इस परियोजना में सम्मिलित किया जाए, ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य सचिव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक कार्ययोजना (AWP) को जनवरी माह तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि तय समय सीमा में कार्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जनपदवार लक्ष्य तय किए जाएं। साथ ही पूरे प्रोजेक्ट के लिए वर्षवार लक्ष्य निर्धारित कर विस्तृत प्लान तैयार किया जाए।
इस अवसर पर सचिव श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, डॉ. एस.एन. पाण्डेय, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान सुश्री वंदना सहित कृषि, उद्यान एवं सगन्ध पौधा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
