पीएमश्री स्कूलों में कम्प्यूटर लैब व पुस्तकालय स्थापना में तेजी लाने के निर्देश, एक माह में लैब स्थापित करने के आदेश

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित पीएमश्री स्कूलों की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में कम्प्यूटर लैब की स्थापना कार्य में तेजी लाई जाए तथा अगले एक माह के भीतर कम्प्यूटर लैब स्थापित कर दी जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पुस्तकालयों की स्थापना हेतु शीघ्र बजट आबंटन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य सचिव ने 32 पीएमश्री स्कूलों में एकीकृत विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना को भी गति देने के निर्देश दिए। जिन प्रयोगशालाओं का बजट जारी किया जाना है, उसे एक माह के भीतर जारी कराए जाने को कहा गया। उन्होंने टिंकरिंग लैब की उपलब्धता के लिए आईआईटी कानपुर से लगातार संवाद बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी पीएमश्री स्कूलों में खेल के मैदान उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।
बैठक के दौरान बताया गया कि प्रदेश के 226 विद्यालयों को पीएमश्री स्कूलों के रूप में चयनित किया गया है, जिनमें 34 प्राथमिक और 192 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 15 और विद्यालयों को स्वीकृति प्राप्त हुई है। जानकारी दी गई कि पीएमश्री के कुल 22 कम्पोनेंट्स में से 16 को 100 प्रतिशत लागू किया जा चुका है, जबकि शेष 6 कम्पोनेंट्स पर कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर है।

