ऋषिकेश में 5 लाख रुपये की चरस-स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, 51 मुकदमों में दर्ज है नाम

ऋषिकेश में 5 लाख रुपये की चरस-स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, 51 मुकदमों में दर्ज है नाम
Spread the love

ऋषिकेश। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को लाखों रुपये कीमत के अवैध मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 435 ग्राम चरस और 14.50 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को चौकी श्यामपुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जंगलात रोड, गुज्जर प्लॉट क्षेत्र में एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर जंगल की ओर जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 435 ग्राम अवैध चरस, 14.50 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 1,900 रुपये नकद बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 57 वर्षीय गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना पुत्र स्वर्गीय सुभाष, निवासी गली नंबर 19, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक गुरुचरण सिंह कोतवाली ऋषिकेश का हिस्ट्रीशीटर है और पूर्व में भी मादक पदार्थों तथा अवैध शराब की तस्करी के मामलों में कई बार जेल जा चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में मादक पदार्थों, अवैध शराब की तस्करी और अन्य अपराधों से संबंधित कुल 51 अभियोग पंजीकृत हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 487/2026, धारा 8/20/21/27(ए)/29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है।

पूछताछ के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी में शांति देवी पत्नी गुरुचरण सिंह तथा गुरुचरण सिंह के दामाद सौरभ बत्रा की संलिप्तता भी प्रकाश में आने की बात पुलिस ने कही है। दोनों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गुरुचरण सिंह के आपराधिक इतिहास में वर्ष 1994 से वर्ष 2026 तक एनडीपीएस अधिनियम, आबकारी अधिनियम, गुंडा अधिनियम, गैंगस्टर अधिनियम सहित चोरी, मारपीट और अन्य धाराओं में दर्ज 51 अभियोग शामिल हैं।

वांछित आरोपियों में शांति देवी पत्नी गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना, निवासी गली नंबर 19, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश तथा सौरभ बत्रा निवासी अकबरपुर, लखनऊ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी चंद्रभागा, ऋषिकेश शामिल हैं।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, कांस्टेबल शेखर सैनी, कांस्टेबल अशोक कुमार और कांस्टेबल संदीप भट्ट शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles