इंस्टाग्राम की फर्जी आईडी से नाबालिग से संपर्क, बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोपी को कलियर पुलिस ने दबोचा

हरिद्वार। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के माध्यम से नाबालिग से संपर्क कर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को पीड़िता के पिता ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया था कि दानिश पुत्र शबी, निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता, शामली, उत्तर प्रदेश ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के माध्यम से उनकी नाबालिग पुत्री से संपर्क किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पिरान कलियर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 205/2026 पोक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया। पीड़िता को आवश्यक उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई।
मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों के साथ-साथ मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से आरोपी की लगातार तलाश की। पुलिस के अथक प्रयासों के बाद आरोपी दानिश को 25 सितंबर 2026 को हिरासत में ले लिया गया। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश पुत्र शबी, निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता, शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक विशाखा राठौर, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, कांस्टेबल आशीश शर्मा (सीआईयू रुड़की) और होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।
