केदारनाथ धाम में उत्तराखंड पुलिस की ईमानदारी, महाराष्ट्र की श्रद्धालु का ₹22 हजार से भरा पर्स लौटाया
केदारनाथ धाम। उत्तराखंड पुलिस का मानवीय और मददगार चेहरा एक बार फिर केदारनाथ धाम में देखने को मिला, जहां महाराष्ट्र से बाबा केदारनाथ के दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु का नगदी से भरा खोया पर्स पुलिस ने तत्परता से खोजकर वापस लौटाया।
जानकारी के अनुसार अमरावती, महाराष्ट्र निवासी सुनीता यात्रा के दौरान अपना पर्स कहीं खो बैठीं। पर्स में करीब ₹22,000 की नगदी रखी हुई थी। महिला द्वारा इस संबंध में केदारनाथ स्थित खोया-पाया केंद्र में सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खोया-पाया केंद्र पर तैनात आरक्षी अरविंद ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। उन्होंने लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कराया और स्वयं आसपास के मार्गों पर खोजबीन शुरू की।
उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों के चलते कुछ ही समय में महिला का पर्स सकुशल बरामद कर लिया गया। पर्स में रखी पूरी ₹22,000 की नगदी भी सुरक्षित मिली। इसके बाद पर्स महिला श्रद्धालु को वापस सौंप दिया गया।
हजारों किलोमीटर दूर देवभूमि में अपना खोया सामान और नगदी सुरक्षित वापस मिलने पर श्रद्धालु महिला और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। परिजनों ने आरक्षी अरविंद और उत्तराखंड पुलिस की ईमानदारी एवं सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।

