विदेशी नागरिकों को बिना सूचना ठहराना होटल संचालकों को पड़ा भारी, दो पर मुकदमा दर्ज

विदेशी नागरिकों को बिना सूचना ठहराना होटल संचालकों को पड़ा भारी, दो पर मुकदमा दर्ज
Spread the love

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़कोट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो होटल संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक  कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चारधाम यात्रा एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन तथा होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और आश्रमों की लगातार जांच की जा रही है।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि यमुनोत्री धाम के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी स्थित होटल गंगाश्री में 16 अप्रैल 2026 को बिना पुलिस को सूचना दिए एक विदेशी नागरिक को ठहराया गया था। वहीं खरसाली स्थित होली यमुना रिजोर्ट में 19 अप्रैल 2026 को बिना पुलिस की जानकारी के छह विदेशी नागरिकों को ठहराया गया।

पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट  चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में कोतवाली बड़कोट पुलिस ने मामले की जांच के बाद 27 मई 2026 को होटल गंगाश्री और होली यमुना रिजोर्ट के संचालकों के खिलाफ The Immigration and Foreigners Act, 2025 की संबंधित धाराओं में दो अलग-अलग अभियोग दर्ज किए। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए होटल, धर्मशाला और रेस्टोरेंटों की नियमित चेकिंग की जा रही है तथा वहां ठहरने वाले पर्यटकों, आगंतुकों और संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने सभी होटल, रेस्टोरेंट और धर्मशाला संचालकों से अपील की कि वे अपने यहां ठहरने वाले यात्रियों और पर्यटकों का पूरा विवरण एवं पहचान संबंधी जानकारी सुरक्षित रखें तथा विदेशी नागरिकों के लिए Form-C भरना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। बिना पुलिस को सूचना दिए विदेशी नागरिकों को ठहराना नियम विरुद्ध और अवैध है।

पुलिस के अनुसार The Immigration and Foreigners Act, 2025 के तहत किसी भी होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे, गेस्ट हाउस, शिक्षण संस्थान या चिकित्सालय में विदेशी नागरिकों के ठहरने की सूचना 24 घंटे के भीतर ऑनलाइन IVFRT पोर्टल पर Form-C के माध्यम से देना अनिवार्य है। इस कानून का उद्देश्य विदेशियों के प्रवेश, निवास और निकास व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना है।

देवभूमि खबर

Related articles