मसूरी में वाइल्डनेस फर्स्ट एड प्रशिक्षण शुरू, छात्रों को जीवन रक्षक कौशल का मिलेगा प्रशिक्षण

मसूरी। हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट, केम्प्टी फॉल्स, मसूरी में 28 से 30 मई 2026 तक यू.एस. स्कूल ऑफ सर्वाइवल के सहयोग से 16 घंटे का वाइल्डनेस फर्स्ट एड (डब्ल्यूएफए) प्रमाणन पाठ्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का संचालन प्रसिद्ध पूर्व यूएस मरीन कॉर्प्स प्रशिक्षक John Dobbins के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
बताया गया कि जॉन डॉबिन्स येल, डार्टमाउथ और कोलंबिया विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्रों को भी प्रशिक्षण दे चुके हैं। यह व्यावहारिक प्रशिक्षण विशेष रूप से उन परिस्थितियों में आपातकालीन जीवन रक्षक प्रतिक्रिया पर केंद्रित है, जहां पेशेवर चिकित्सा सहायता मिलने में देरी हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह कौशल उत्तराखंड के दुर्गम एवं आपदा-प्रवण क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी और प्रासंगिक है।
यह एक आवासीय पाठ्यक्रम है, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण जीवन रक्षक कौशल से प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जंगल और कठिन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार, आपातकालीन प्रतिक्रिया और बचाव तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
Rotary Club Mussoorie द्वारा पांच छात्रों को सहयोग राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिसका लाभ भविष्य में मसूरी और उत्तराखंड को अवश्य मिलेगा।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, संयोजक रजत अग्रवाल और निदेशक सुवीगया सभरवाल उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में मसूरी से छात्र-छात्राएं पायल नेगी, अमन नेगी, वरनिका मित्तल, अरनव बंसल और अस्मिता नौटियाल दो रात और तीन दिन के इस पाठ्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

