‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की बड़ी सफलता: दो साल में 3.70 करोड़ की बिक्री, उत्तराखण्डी उत्पाद जल्द होंगे ग्लोबल

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की बड़ी सफलता: दो साल में 3.70 करोड़ की बिक्री, उत्तराखण्डी उत्पाद जल्द होंगे ग्लोबल
Spread the love

देहरादून। पहाड़ की महिलाओं की मेहनत और हुनर से तैयार विशुद्ध उत्तराखण्डी उत्पादों का ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ लॉन्चिंग के महज दो वर्षों के भीतर साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुका है। अब यह ब्रांड अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कदम रखने की तैयारी में है और जल्द ही इसके उत्पाद विदेशों में भी बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

ग्रामीण विकास विभाग के अधीन संचालित हाउस ऑफ हिमालयाज, उत्तराखण्ड के महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का एक कॉमन ब्रांड है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान किया गया था। प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन के बाद इस ब्रांड की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और बीते दो वर्षों में कुल बिक्री ₹3.70 करोड़ के पार पहुंच गई।

वर्तमान में हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद ऑफलाइन बाजार के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Jio Mart, Amazon, Blinkit, Big Basket तथा ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट houseofhimalayas.com पर भी उपलब्ध हैं। ब्रांड के अंतर्गत फिलहाल कुल 50 उत्पाद शामिल किए गए हैं, जिनमें मिलेट्स बिस्किट, मुन्स्यारी, चकराता और हर्षिल की राजमा, चौलाई, तुवर दाल, पहाड़ी लाल चावल, झंगोरा, गहथ, काले भट्ट, चाय, तेल, पर्सनल केयर और हैंडीक्राफ्ट उत्पाद प्रमुख हैं। उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तीन स्तरों पर गुणवत्ता जांच की जा रही है।

सरकार द्वारा स्थानीय मेलों, त्योहारों और विशेष अवसरों पर हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकारी कार्यक्रमों और कार्यालयों के माध्यम से भी बिक्री बढ़ाने की रणनीति अपनाई गई है। दीपावली जैसे पर्वों पर लॉन्च किए गए विशेष गिफ्ट पैक को उपभोक्ताओं से शानदार प्रतिक्रिया मिली।

अब तक हाउस ऑफ हिमालयाज के अंतर्गत 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस पहल से राज्य की 3,300 से अधिक ग्रामीण महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई हैं, जबकि व्यापक क्रय नेटवर्क के माध्यम से 28,000 से अधिक महिलाओं को अप्रत्यक्ष लाभ मिला है। उत्पाद राज्य और देश के प्रमुख शहरों में 26 आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध हैं, जिनमें जॉलीग्रांट एयरपोर्ट का एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट भी शामिल है। इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठित होटल श्रृंखलाओं, यात्रा केंद्रों और चारधाम मार्ग पर 10 फ्लोर स्टैंडिंग यूनिट्स के जरिए भी उत्पादों की बिक्री की जा रही है।

कंपनी Reliance Freshpik, Flipkart और Zepto के साथ अनुबंध की दिशा में प्रयास कर रही है, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रवेश के लिए Amazon Global और Walmart के साथ साझेदारी की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन के अनुरूप हाउस ऑफ हिमालयाज का लक्ष्य उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग को और मजबूत बनाकर प्रामाणिक हिमालयी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रीमियम बाजारों में स्थापित करना है। इससे प्रदेश के किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि हुई है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है।

देवभूमि खबर

Related articles