हल्द्वानी-बलदियाखान मार्ग पर गिरा चीड़ का विशाल पेड़, आयुक्त दीपक रावत ने मौके पर संभाला मोर्चा, 15 मिनट में शुरू हुआ राहत कार्य

हल्द्वानी-बलदियाखान मार्ग पर गिरा चीड़ का विशाल पेड़, आयुक्त दीपक रावत ने मौके पर संभाला मोर्चा, 15 मिनट में शुरू हुआ राहत कार्य
Spread the love

रिपोर्ट। ललित जोशी।

नैनीताल। लगातार बारिश और तेज हवा के चलते हल्द्वानी-बलदियाखान मार्ग पर एक विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। संयोगवश उसी मार्ग से गुजर रहे कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए तत्काल आपदा प्रबंधन, पुलिस और जिला प्रशासन को मौके पर बुलाया तथा स्वयं बारिश के बीच राहत कार्य की निगरानी करते रहे।

सूचना मिलते ही करीब 15 मिनट के भीतर पुलिस, आपदा प्रबंधन और प्रशासन की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर हटाने का अभियान शुरू किया। आयुक्त दीपक रावत भी छाता लेकर लगातार मौके पर मौजूद रहे और तब तक नहीं हटे, जब तक मार्ग पूरी तरह यातायात के लिए सुचारु नहीं हो गया।

इस दौरान मार्ग के दोनों ओर कई वाहन फंस गए थे। आयुक्त ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि जल्द ही मार्ग खोल दिया जाएगा। वहीं कुछ दोपहिया वाहन चालक पेड़ के नीचे और किनारे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से रोकते हुए जोखिम न उठाने की सलाह दी।

आयुक्त ने कहा कि ऐसे समय में जल्दबाजी करने के बजाय प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई।

मार्ग को सुरक्षित रूप से बहाल करने के बाद आयुक्त दीपक रावत ने पुलिस, आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीम की त्वरित कार्रवाई एवं समन्वित प्रयासों की सराहना की।

देवभूमि खबर

Related articles