आस्था का उमड़ा सैलाब, चौथे दिन 31.50 लाख शिवभक्तों ने भरा गंगाजल, कुल संख्या 76.85 लाख पहुंची

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 में शिवभक्तों की आस्था का जनसैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। कांवड़ मेले के चौथे दिन रविवार को 31 लाख 50 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 76 लाख 85 हजार श्रद्धालु गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, हरिद्वार में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया है।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी चौबीसों घंटे अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग दें।

