देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थियों की वर्षवार भर्ती को लेकर विशाल रैली, 94 दिन से जारी धरना

देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थियों की वर्षवार भर्ती को लेकर विशाल रैली, 94 दिन से जारी धरना
Spread the love

देहरादून । नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले नर्सिंग अभ्यर्थियों ने वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर बहल चौक से मुख्यमंत्री आवास तक एक विशाल रैली निकाली। इस रैली में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

नर्सिंग अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले 94 दिनों से शांतिपूर्वक धरने पर बैठे हुए हैं, लेकिन अब तक सरकार द्वारा उनकी मांगों पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। इसी के चलते अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए यह रैली निकाली गई।

रैली के दौरान महिला नर्सिंग अभ्यर्थियों ने विभिन्न प्रेरणादायक किरदारों की वेशभूषा धारण कर महिलाओं की शक्ति और योगदान का संदेश दिया। किसी ने भारत माता, किसी ने गौरा देवी, रानी लक्ष्मीबाई, आर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, नर्सिंग अधिकारी,डॉक्टर और वकील का रूप धारण किया। इसके माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके संघर्ष को दर्शाने का प्रयास किया गया।

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 94 दिनों से शांतिपूर्वक धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार अभी तक उनकी वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार की ओर से स्पष्ट और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना जारी रहेगा।

इस दौरान मंच के संरक्षक विकास पुंडीर, अध्यक्ष नवल पुंडीर, सचिव राजेंद्र कुकरेती, उपाध्यक्ष सरिता जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवेश रावत सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नर्सिंग अभ्यर्थी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles