रायपुर के शिवनगर में युवा कांग्रेस का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ
देहरादून।रायपुर विधानसभा के शिवनगर क्षेत्र में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र सिंह नेगी (भुप्पी) ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह के मार्गदर्शन में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयों का वितरण करना था।
शिविर का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, राज्य आंदोलनकारी एवं रेड क्रॉस के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने भूपेंद्र सिंह नेगी के जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।
शिविर में अरिहंत हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं सहित अनेक लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
भूपेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि प्रीतम सिंह के मार्गदर्शन में जनसेवा के ऐसे कार्य आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि रायपुर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य में भी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
कार्यक्रम में अजेंद्र गुसाईं, दीपक खंडोरी, दिवाकर ध्यानी, ऋषभ चौधरी, अनुप पाल, सुशील नमोली, दीपक रमौला, इमरान खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में भूपेंद्र सिंह नेगी ने चिकित्सकों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज सेवा के ऐसे कार्यक्रम निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

