सीलिंग भूमि मामले में जन संघर्ष मोर्चा का तहसील घेराव, सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनुपालना की मांग
विकासनगर।सीलिंग (चाय बागान) भूमि के नाम पर आमजन के कथित उत्पीड़न के विरोध में जन संघर्ष मोर्चा ने शुक्रवार को विकासनगर तहसील परिसर में प्रदर्शन और घेराव किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि देहरादून जनपद के एनफील्ड ग्रांट, जमनीपुर, एटनबाग, ईस्ट होप टाउन, बदामावाला, अंबाड़ी, रायपुर, जीवनगढ़, कंडोली, कांवली, हरबंसवाला, मोहकमपुर खुर्द, बंजारावाला माफी, आर्केडिया ग्रांट, मलूकावाला, मिट्ठी बहेड़ी, लाडपुर और नत्थनपुर सहित कई क्षेत्रों में चाय बागान अथवा सीलिंग भूमि के नाम पर भवन स्वामियों और काश्तकारों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सिविल अपील संख्या 2697/1984 में 24 अक्टूबर 1996 को दिए गए अपने निर्णय में स्पष्ट किया था कि 10 अक्टूबर 1975 से पूर्व खरीदी गई भूमि को उत्तर प्रदेश सीलिंग एक्ट की धारा 6(3) के तहत सीलिंग से मुक्त रखा गया है। इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा वर्ष 2023 में जारी आदेशों के आधार पर संबंधित भूमि के क्रय-विक्रय और दाखिल-खारिज पर रोक लगाकर ऐसे लोगों को भी परेशान किया जा रहा है, जो इस प्रावधान के दायरे से बाहर हैं।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि बिना भूमि के रिकॉर्ड, खरीद वर्ष और विधिक स्थिति की जांच किए कार्रवाई की जा रही है, जिससे आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और भू-स्वामियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा सरकार को भी राजस्व की हानि हो रही है। मोर्चा ने मांग की कि प्रत्येक प्रकरण की विधिक जांच कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रघुनाथ सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र समाधान नहीं निकाला तो जन संघर्ष मोर्चा व्यापक आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, गालिब प्रधान, विवेक गुप्ता, मुजीबुर रहमान सलीम, राम सिंह तोमर, के.सी. चंदेल, मालती देवी, विनोद पड्डा, हाजी असद, युवराज तोमर सहित बड़ी संख्या में मोर्चा पदाधिकारी, अधिवक्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

