अयोध्या में देवभूमि की पहचान, रुद्रपुर में युवाओं को मिलेगी नई उड़ान

अयोध्या में देवभूमि की पहचान, रुद्रपुर में युवाओं को मिलेगी नई उड़ान
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक विरासत और युवा शक्ति को नई दिशा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की। इनमें अयोध्याधाम में उत्तराखंड का भव्य राज्य अतिथि गृह और उधमसिंहनगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान में आधुनिक इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण शामिल है।

अयोध्याधाम में करीब 67.83 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाला उत्तराखंड राज्य अतिथि गृह केवल आवासीय सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और धार्मिक पहचान का परिचय केंद्र भी बनेगा। भवन की डिजाइन में पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशैली को प्रमुखता देने के निर्देश दिए गए हैं।

अतिथि गृह की आंतरिक सज्जा में भी उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान दिखाई देगी। भवन के अलग-अलग तल ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली पर्वत शिखर जैसी थीम पर आधारित होंगे। इसका उद्देश्य अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और स्थापत्य से परिचित कराना है।

समीक्षा बैठक में प्रस्तावित भवन की मूल योजना में शामिल बारात घर को हटाने का निर्णय लिया गया। इसके स्थान पर भवन को पूरी तरह आधुनिक अतिथि गृह के निर्धारित मानकों और आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। भवन की गुणवत्ता, उपयोगिता और आकर्षक स्वरूप पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी अभिषेक रुहेला, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी तथा कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम की निर्माण इकाई देहरादून के परियोजना प्रबंधक राकेश चंद्र तिवारी उपस्थित रहे।

वहीं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के मोदी मैदान में आधुनिक इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी भी तेजी से आगे बढ़ रही है। परियोजना का पूर्व आगणन 2374.56 लाख रुपये था, जिसे संशोधित कर 2332.05 लाख रुपये किया गया है। संशोधित प्रस्ताव को विभागीय व्यय समिति की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया गया है।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर परिसर में जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं आउटडोर परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस की सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा करीब एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ भी बनाया जाएगा। खिलाड़ियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए पर्याप्त टॉयलेट एवं चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की जाएगी।

संशोधित योजना में लागत को नियंत्रित करते हुए सुविधाओं को अधिक उपयोगी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। बाउंड्रीवाल की ऊंचाई कम कर उसके स्थान पर लोहे की ग्रिल लगाने का प्रावधान किया गया है, जिससे परियोजना की लागत में कमी आई है। टीएसी और नियोजन विभाग द्वारा परीक्षण के बाद 14 अगस्त 2026 को हुई विभागीय व्यय समिति की बैठक के निर्देशों के अनुरूप संशोधित प्रस्ताव तैयार किया गया।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य की विकास परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनोपयोगी बनाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दोनों परियोजनाओं में गुणवत्ता, लागत का संतुलन, उपयोगिता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। सरकार का प्रयास है कि स्वीकृत परियोजनाएं धरातल पर बेहतर और जनोपयोगी परिणाम देने वाली साबित हों।

अयोध्या में देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और रुद्रपुर में युवा प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने वाली ये दोनों परियोजनाएं उत्तराखंड के बदलते विकास मॉडल की नई तस्वीर पेश करती हैं।

देवभूमि खबर

Related articles