नशे की जड़ पर अल्मोड़ा पुलिस का प्रहार, 4 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट

अल्मोड़ा। जनपद में नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में लमगड़ा पुलिस ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर करीब 4 नाली में उगाई जा रही अवैध भांग की खेती को नष्ट कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के द्वारा जनपद के सभी कोतवाली एवं थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की खेती और नशे के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में चौकी प्रभारी मोरनौला उपनिरीक्षक नरेश कोहली ने पुलिस टीम के साथ अवैध भांग की खेती के विरुद्ध अभियान चलाया।
12 सितंबर 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम डामर, तोक कल्ला खांण एवं ग्राम डोल के विभिन्न क्षेत्रों के खेतों में उगाई जा रही लगभग 4 नाली अवैध भांग की खेती को नष्ट किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए अवैध भांग की खेती न करने की अपील की। ग्रामीणों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करते हुए नशे के विरुद्ध पुलिस अभियान में सहयोग करने का भी आह्वान किया गया। अल्मोड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
