15 दिन में मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरेंगी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, संयुक्त मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

रिपोर्ट :प्रताप सिंह नेगी
देहरादून। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बुधवार को जिले की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। कार्यकत्रियां दीनदयाल उपाध्याय पार्क में एकत्र हुईं और रैली के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे गए।
उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक बैनर के नीचे एकजुट करने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के साथ अपने विभागीय कार्यों के अलावा अन्य विभागों की जिम्मेदारियों में भी योगदान दे रही हैं। कठिन परिस्थितियों में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूरी शक्ति, साहस, समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ समाज की सेवा कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में केंद्र सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और उनके कार्यों के लिए सम्मानित भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब उन्हें सम्मानजनक मानदेय दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि मार्च 2024 में सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के लिए कमेटी का गठन किया था, लेकिन ढाई वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद कमेटी की रिपोर्ट अथवा निर्णय को सार्वजनिक नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लगातार गुमराह कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा के घोषणा पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक मानदेय देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार का दूसरा कार्यकाल भी समाप्ति की ओर है और अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुशल श्रमिकों की तरह कार्य कर रही हैं, लेकिन उनकी स्थिति बंधुआ मजदूर जैसी हो गई है।
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो संयुक्त मोर्चा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष तनु बंबा, मंजू मौर्य, मधु पुंडीर, रविता चौहान, कीर्तना शर्मा, नीलम चौहान, उषा थापा, सुशीला राई, गीता चौहान, संगीता देवी, बिना चौहान, संध्या रानी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं शामिल रहीं


