नन्दा जात यात्रा में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित, तीन बने पुलिस मैन ऑफ द मंथ

चमोली। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने 30 सितंबर 2026 को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर स्थित सभागार में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, स्थलीय अभियोजन इकाई, फायर सर्विस, संचार शाखा, एसडीआरएफ सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, आगामी धार्मिक यात्राओं और वीआईपी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने हाल ही में सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न हुई मां नन्दा जात यात्रा के दौरान उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से दुर्गम एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों की प्रशंसा करते हुए सभी जवानों को शुभकामनाएं दीं।
छात्रसंघ चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य की भी सराहना की गई। पुलिस अधीक्षक ने भविष्य में भी सतर्कता, संयम और बेहतर समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण के समय से पहले शुरू होने तथा वर्तमान में चल रहे पितृ पक्ष के मद्देनजर बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के दृष्टिगत संभावित वीआईपी एवं वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। जनपद में संभावित वीवीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर भी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन कर सभी तैयारियां पूरी रखने को कहा गया।
भराड़ीसैंण में आगामी माह संभावित मानसून सत्र को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने, कमियों को समय रहते दूर करने तथा सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने 60 एवं 90 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं तथा पार्ट-पेंडिंग मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने को कहा। विवेचकों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए अनावश्यक रूप से लंबित मामलों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सभी कोतवालियों में लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने ई-साक्ष्य, ई-समन, नेटग्रिड, एनसीआरपी, सीईआईआर, निदान, सीसीटीएनएस, ई-बीट बुक और ई-साइन सहित विभिन्न डिजिटल पुलिसिंग प्लेटफॉर्म की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। एमआरएम, जीआरएम, समन्वय एवं सहयोग पोर्टल तथा सीसीटीएनएस पर प्राप्त शिकायतों और संदर्भों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रगति डैशबोर्ड पर लंबित मामलों की नियमित निगरानी तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
नन्दा जात यात्रा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक विनोद चौरसिया और उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। इसके अलावा सराहनीय कार्य करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


