एसआईआर को लेकर रायपुर विधानसभा में कांग्रेस के बीएलओ-2 की महत्वपूर्ण बैठक

देहरादून। एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर रायपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के बीएलओ-2 की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा प्रभारी सूर्यकांत धस्माना एवं सह-प्रभारी सुशांत बोरा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र सिंह नेगी ने की।
बैठक में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ-2 के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर सामने आ रही दिक्कतों को साझा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
विधानसभा प्रभारी सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सजग रहना जरूरी है।
सह-प्रभारी सुशांत बोरा ने बीएलओ-2 से क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा एसआईआर से जुड़ी समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में रायपुर ब्लॉक अध्यक्ष सरिता बिष्ट, अजबपुर ब्लॉक अध्यक्ष संजय उनियाल, बीएलए-1 सतेंद्र पवार, सत्या पोखरियाल, विनीत भट्ट, गुलशेर मियां, अभिनव बिष्ट, आशीष गुसाईं, पूर्व पार्षद नरेश रावत, अनित उपाध्याय, प्रतिमा शर्मा, कविता नेगी, अनिल उनियाल, अनिरुद्ध डोबरियाल, जीवन नेगी, आकाश राणा सहित कांग्रेस के बीएलओ-2, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर आपसी समन्वय मजबूत करने और आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
