उटैल-बैसोगिलानी में डीएम ने सीधा संपर्क कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं और मौके पर किया समाधान

देहरादून,। मुख्यमंत्री के “दुर्गम प्रथम” संकल्प को साकार करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल मंगलवार को पहाड़ी और दुर्गम मार्गों से होते हुए विकासखंड कालसी के दूरस्थ ग्राम उटैल-बैसोगिलानी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासनिक अमले के साथ एक वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर ही समाधान किया।
शिविर में 166 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 56 का निस्तारण मौके पर ही किया गया। डीएम ने विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याएं कतई लंबित न रहें।
शिविर की मुख्य उपलब्धियां
- 442 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, 268 ओपीडी व 153 स्वास्थ्य परीक्षण।
- 25 आयुष्मान कार्ड, 10 दिव्यांग प्रमाणपत्र, 15 आधार कार्ड बनाए गए।
- समाज कल्याण विभाग द्वारा 62 वृद्धजन को सहायक उपकरण, 8 दिव्यांगजन को व्हीलचेयर।
- 8 वृद्धावस्था, 1 विधवा और 8 दिव्यांग पेंशन स्वीकृत।
- 10 किशोरी किट और 12 मां लक्ष्मी किट का वितरण।
- ‘नई दिशा महिला स्वयं सहायता समूह’ को 4 लाख का चेक और 5 लाख की फार्म मशीनरी।
- सहकारिता विभाग से 5 लाख का चेक और पशुपालकों को 1.60 लाख की सहायता राशि।
डीएम की विशेष पहलें
- गरीब जौहर सिंह का ₹15 हजार का बिजली बिल माफ कर ‘रायफल फंड’ से भुगतान।
- कालसी मुख्यालय में कूड़ा निस्तारण हेतु शासकीय भूमि चयन कर एएमए जिला पंचायत से निस्तारण की व्यवस्था के निर्देश।
- अमराव क्षेत्र में कृषि भूमि क्षति पर मुख्य कृषि अधिकारी से 1 सप्ताह में रिपोर्ट मांगी।
- खराब सड़कों पर तत्काल धन स्वीकृत कर लोनिवि को मरम्मत के आदेश।
शिविर में ग्राम थैना, कहानैरा, भागना, खतार, गोथान, विसोई समेत कई गांवों के लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, सिंचाई, आपदा प्रभावित संपत्तियों के पुनर्निर्माण और मुआवजे जैसी समस्याएं उठाईं। डीएम ने हर शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पंचायती राज, उद्यान, श्रम, पूर्ति, सेवायोजन आदि 25 विभागों के स्टाल लगे, जिनसे 555 से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिला।
बहुउदेशीय शिविर में ब्लाक प्रमुख कालसी मीरा चौहान, जिप सदस्य रेखा नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश सिंह तोमर, ग्राम प्रधान गंभीर सिंह तोमर, चंदन सिंह, नरेन्द्र सिंह, विपिन चौहान, पूर्णिमा चौहान, मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, एसडीएम चकराता प्रेमलाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुनील कुमार, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
