भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन पर सहयोग मजबूत करने पर सहमति, देहरादून में JWG की 14वीं बैठक

देहरादून। भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन एवं सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह (JWG) की 14वीं बैठक 20-21 अगस्त 2026 को देहरादून में आयोजित हुई। बैठक में दोनों देशों ने सीमा सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करते हुए द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव (बीएम-I) पौसुमी बासु ने किया, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद कफ्ले ने किया।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने सीमा पार होने वाले अपराधों और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इसके अलावा सीमा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, विशेष रूप से एकीकृत जांच चौकियों (ICP), सड़कों और रेलवे नेटवर्क के प्रभावी उपयोग एवं विकास पर भी विचार-विमर्श हुआ।
दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने तथा सीमा स्तंभों (बाउंड्री पिलर) के रखरखाव से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। संस्थागत समन्वय और विभिन्न क्षेत्रों में क्षमता विकास को मजबूत करने के लिए विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
बैठक में दोनों पक्षों ने सीमा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर निरंतर सहयोग एवं प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही दोनों देशों के बीच सहयोग को और व्यापक बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
दोनों पक्षों ने तय किया कि संयुक्त कार्य समूह की अगली बैठक नेपाल में पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तिथि पर आयोजित की जाएगी।
