HTML tutorial
HTML tutorial

गांवों के विकास से ही बनेगा विकसित भारत: मुख्यमंत्री धामी

गांवों के विकास से ही बनेगा विकसित भारत: मुख्यमंत्री धामी
Spread the love

खटीमा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासखंड सभागार खटीमा में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्यमंत्री संवाद” कार्यक्रम में पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब गांव एवं कस्बे सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही राज्य और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “एक जनपद, दो उत्पाद” योजना तथा हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रही है। साथ ही स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, नई फिल्म नीति, होम स्टे, वेड इन उत्तराखण्ड तथा सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बनकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया इतिहास रच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए “साथी केंद्र” स्थापित किए गए हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि खटीमा और टनकपुर के बीच एक भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण भी किया जाएगा, जिस पर जल्द कार्य प्रारंभ होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के “विकल्प रहित संकल्प” को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इसमें जनता का सहयोग महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर अजय मौर्य, सरिता राणा, रमेश चंद्र जोशी, नितिन सिंह भदौरिया, अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles