एसपी रूद्रप्रयाग ने पर्यटन पुलिस प्रशिक्षण प्राप्त कार्मिकों से किया संवाद, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
रुद्रप्रयाग।पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने पर्यटन पुलिस प्रशिक्षण प्राप्त किये कार्मिकों से संवाद किया ।आवश्यक दिशा-निर्देश दिये ।
जनपद रुद्रप्रयाग में प्रतिवर्ष होने वाली श्री केदारनाथ धाम यात्रा से पूर्व जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की मदद हेतु उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के स्तर से समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जाते रहे हैं, प्रशिक्षण प्राप्त किये कार्मिकों द्वारा यात्रा अवधि में विभिन्न पर्यटन पुलिस केन्द्रों पर नियुक्त रहते हुए श्रद्धालुओं की हर सम्भव मदद की गयी है।
चूंकि वर्तमान समय में श्री केदारनाथ धाम यात्रा तो बन्द है। जनपद में आयी नवागत पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे ने जनपद की भौगोलिक स्थिति एवं यहां के पर्यटन के बारे में जानकारी ली गयी।
आज उनके द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में जनपद रुद्रप्रयाग में नियुक्त पर्यटन पुलिस प्रशिक्षण प्राप्त किये कार्मिकों के साथ संवाद स्थापित किया गया।
जनपद रुद्रप्रयाग पर्यटन की दृष्टि से अत्यधिक सम्भावनायें लिये हुए है, यहां पर और भी मन्दिर एवं अन्य रमणीक व दर्शनीय पर्यटक स्थल हैं, आने वाली सर्दी के मौसम में पर्यटक चोपता क्षेत्र में आते ही हैं, साथ ही प्रसिद्ध कार्तिक स्वामी मन्दिर में भी लोगों की आवाजाही निरन्तर बनी रहती है। ऐसे में उन्होने महसूस किया कि श्री केदारनाथ यात्रा के ऑफसीजन में भी पुलिस के स्तर से जनपद में आने वाले पर्यटकों की मदद की जा सकती है। यदि हम अभी से किसी न किसी प्रकार की मदद के लिए तैयार रहेंगे तो निश्चित ही यह हमारे रुटीन में भी बना रहेगा एवं यात्राकाल अवधि में भी दिक्कतें नहीं आयेंगी।
पर्यटन प्रशिक्षण प्राप्त कार्मिक आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की हरदम मदद करने को तैयार रहें, इस हेतु जनपद में पर्यटन पुलिस का प्रशिक्षण प्राप्त किये कार्मिकों को नया टास्क दिया जा रहा है। इस हेतु उनको जनपद से सम्बन्धित ट्रैक रूटों, रमणीक एवं पर्यटक स्थलों की जानकारी, वहां तक के पहुंच मार्ग एवं वहां पहुंचने में आ सकने वाली कठिनाइयों, इत्यादि की जानकारी रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया। इस हेतु जनपद के अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जायेगा। पर्यटन प्रशिक्षण प्राप्त किये गये कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि, उनके पास अपने थाने, पुलिस कन्ट्रोल रूम, एसडीआरएफ, आपदा प्रबन्धन आदि जरूरी नम्बर भी होने चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की आकस्मिकताओं पर तुरन्त ही रिस्पांस किया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री प्रबोध कुमार घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक, ऑपरेशन्स श्रीमती हर्षवर्द्धनी सुमन, वाचक सुबोध कुमार ममगाई, आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित पर्यटन पुलिस प्रशिक्षण प्राप्त कार्मिक उपस्थित रहे।

