01 से 07 मार्च तक ऋषिकेश में अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव, मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन
ऋषिकेश । 01 मार्च से 07 मार्च तक आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में धर्म, आध्यात्म और योग जगत के प्रसिद्ध गुरु एवं योगाचार्य शामिल होंगे। इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा।
गढ़वाल मण्डल विकास निगम (जीएमवीएन) और पर्यटन विभाग द्वारा गंगा रिसोर्ट, ऋषिकेश में आयोजित इस महोत्सव में 20,000 से अधिक योग साधकों और प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। जीएमवीएन के एमडी विशाल मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन में स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशोरी और अक्षत गुप्ता जैसे प्रमुख योगाचार्य एवं संतों का मार्गदर्शन मिलेगा।
इसके साथ ही प्रतिदिन शाम को होने वाले सांस्कृतिक समारोह में इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, नरेंद्र सिंह नेगी और उत्तराखंडी लोक नृत्य कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। महोत्सव के दौरान ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी अलग-अलग सत्रों में योग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान देंगे। साथ ही, देश-विदेश के प्रसिद्ध योगाचार्य योग साधकों और प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराएंगे।
ऋषिकेश में पिछले तीन दशकों से अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन हो रहा है। जीएमवीएन के एमडी विशाल मिश्रा ने बताया कि गत वर्ष 42 देशों के 890 विदेशी प्रतिभागियों ने इस आयोजन में भाग लिया था, और इस बार यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
महोत्सव में भाग लेने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। ऑनलाइन पंजीकरण https://gmvnonline.com पर किया जा सकता है। इस बार महोत्सव ग्रीन थीम पर आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश सदियों से योग की भूमि रही है। देश-विदेश के योग साधक इसीलिए ऋषिकेश खींचे चले आते हैं। प्रधानमंत्री जी के फिट इंडिया अभियान में भी योग की अहम भूमिका है। इसलिए सरकार ऋषिकेश में योग गतिविधियों को और अधिक लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रही है। अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

